’तुम्हें भी भर्ती कराऊंगी’: जब जहानाबाद की डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार, डायरिया से ‘सफाई’ का वादा
जहानाबाद: जहानाबाद के काको नगर पंचायत में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें गंभीर गंदगी और नल-जल योजना की खामियां देखने को मिलीं।
गंदगी और दूषित जल बनी वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि पेयजल सप्लाई में गंदा पानी मिल रहा है और मोहल्लों में महीनों से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण डायरिया तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के इलाज और देखभाल में जुटी है।
डीएम का पारा हाई, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत और पीएचईडी के अधिकारी जब काम न होने के बहाने देने लगे, तो डीएम अलंकृता पांडेय का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पीएचईडी के अभियंता और जूनियर इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी टूटी पाइपलाइनों को तुरंत ठीक करने और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
डीएम ने कड़े शब्दों में कहा, “मैं सबको हॉस्पिटल में भर्ती करा दूंगी, एक मिनट में अक्ल ठिकाने आ जाएगी।” उन्होंने साफ किया कि अगर काम नहीं हुआ तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि डायरिया पीड़ित मरीजों को तुरंत उचित इलाज दिया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा, नगर पंचायत अधिकारियों को हर वार्ड में सफाई अभियान चलाने और कूड़े-कचरे को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया है।
डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द स्थिति को सामान्य किया जाए और भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए।