Aurangabad: Exclusive देव के नयापुर गांव में तालाब से मिला 10 वर्षीय मासूम का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; FSL की टीम जांच में जुटी

0
20260516_114710

​Magadh Express:औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र अंतर्गत बसडीहा पंचायत के नयापुर गांव में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के ही एक निजी तालाब में एक 10 वर्षीय बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते तालाब के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक बच्चे की पहचान नयापुर गांव निवासी अक्षय यादव के 10 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है।

​शुक्रवार शाम से लापता था मासूम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार कल यानी शुक्रवार की शाम से ही अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर से पूरी रात उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला। इस बीच सोशल मीडिया पर भी बच्चे की तस्वीर साझा कर लोगों से ढूंढने की अपील की गई थी। परिजनों द्वारा स्थानीय देव थाना को भी बच्चे के लापता होने की लिखित सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस भी अपने स्तर से बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी।

​ग्रामीणों और परिजनों का आरोप— “डूबने से नहीं, हत्या हुई है”

​शनिवार की सुबह जब ग्रामीण गांव के पास ही स्थित एक निजी मिट्टी के तालाब की ओर गए, तो उन्होंने बच्चे के शव को पानी में तैरते देखा। स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।

​शव को देखने के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति को देखकर यह साफ लगता है कि यह मामला पानी में डूबने का नहीं, बल्कि हत्या का है। वहीं, मृतक के पिता अक्षय यादव ने भी सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए कहा:

​”मेरे बच्चे की मौत तालाब में डूबने से नहीं हुई है, बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया है। हमें इसकी पूरी आशंका है।”

​मौके पर पहुंचे अधिकारी, FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए देव अंचलाधिकारी (CO) दीपक कुमार, देव थानाध्यक्ष सौरभ कुमार और सब-इंस्पेक्टर (SI) खुशबू कुमारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के निर्देश पर मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। FSL की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने संग्रहित किए हैं, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed