औरंगाबाद: मुहर्रम से पहले शांति भंग करने की कोशिश नाकाम, सोशल मीडिया पर हथियार वाली पोस्ट डालने वाले 3 युवक गिरफ्तार
औरंगाबाद, 05 जुलाई 2025 – आगामी मुहर्रम पर्व से पहले शांति और सौहार्द बिगाड़ने के एक बड़े प्रयास को औरंगाबाद पुलिस ने नाकाम कर दिया है। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ एक आपत्तिजनक पोस्ट डालकर भय का माहौल बनाने और शांति भंग करने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
बड़ेंम थानाध्यक्ष को दिनांक 04.07.2025 को सूचना मिली थी कि ग्राम दरिया से कुछ युवक इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ एक पोस्ट डालकर मुहर्रम पर्व के मौके पर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी, जिससे शांति भंग होने की प्रबल संभावना थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीम ग्राम दरिया पहुँची और आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के आधार पर तीनों युवकों की पहचान की गई ,जिसमें रिज़वान अंसारी, पिता – इम्ने अंसारी, ग्राम+थाना बड़ेम ,आरिफ़ राजा, पिता -इक़बाल अंसारी, ग्राम+थाना बड़ेम , मोदासिर पिता० – आलम ख़ान, ग्राम- दरुआ, थाना बड़ेम, जिला औरंगाबाद शामिल है ।
तत्काल पुलिस ने इन तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और उनके घरों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान हथियार जैसा दिखने वाला सामान जब्त कर लिया गया।
जब्त वस्तुओं की गहनता से जाँच पड़ताल करने पर पाया गया कि वह लकड़ी को काटकर हथियार जैसा आकार दिया गया था और उसे टेप से लपेटा गया था। ऐसा इसलिए किया गया था ताकि सोशल मीडिया पर इसे असली हथियार जैसा प्रतीत कराया जा सके और लोगों के बीच भय का माहौल उत्पन्न किया जा सके।
पुलिस ने इन तीनों युवकों के विरुद्ध शांति भंग करने के आरोप में बी०एन०एस०एस० की धारा-126 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना पर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि मुहर्रम के अवसर पर किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रख रहा है और अफवाह फैलाने वालों या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
