बिहार :‘दोहरे अर्थ वाले’ भोजपुरी गाने बजाने वालों पर अब होगा कड़ा एक्शन,अश्लील भोजपुरी गाना बजाने वाले जेल जाने के लिए हो जाएं तैयार

संदीप कुमार
मगध एक्सप्रेस :-भोजपुरी गानों में बढ़ती अश्लीलता पर लगाम लगाने की तैयारी कर ली गई है। अन्य मौकों पर सार्वजनिक स्थानों पर ‘दोहरे अर्थ वाले’ भोजपुरी गाने बजाने वालों पर अब कड़ा एक्शन लिया जाएगा। बिहार पुलिस ने ऐसी हरकतें करनेवालों के कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है।बिहार पुलिस मुख्यालय पटना द्वारा द्विअर्थी संवाद और अश्लील भोजपुरी गीत के प्रसारण के खिलाफ सभी पुलिस उप महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक रेल सहित को पत्र लिखकर कड़ी कारवाई करने का निर्देश जारी किया गया है।

पत्र में लिखा गया है कि आये दिन ऐसा देखा जाता है कि सार्वजनिक स्थलों, समारोहों, बसों,ट्रकों,ऑटो रिक्शा आदि जगहों पर अश्लील भोजपुरी गानों का प्रसारण धड़ल्ले से बिना रोक-टोक के किया जाता है। जिसका समाज पर गहरा दुष्प्रभाव पड़ता है। इस प्रकार के गीतों के प्रसारण से महिलाओं की सुरक्षा एवं गरिमा तथा बच्चों की मनोवृत्ति बुरी तरह से प्रभावित होती है। महिलाएं कही न कहीं लज्जा महसूस करती हैं।यह एक गंभीर व ज्वलंत सामाजिक समस्या है। इस समस्या के निदान के लिए पुलिस प्रशासन के स्तर से विशेष अभियान चलाकर विधि द्वारा निर्धारित प्रावधानानुसार आवश्यक निरोधात्मक/कानूनी कार्रवाई किया जाना अनिवार्य है।
पत्र में सभी को निर्देश देते हुए कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत अश्लील भोजपुरी गानों के प्रसारण को पूरी तरह समाप्त करने हेतु विशेष अभियान चालाकर इस प्रकार के मामलों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा-296/79 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रतर विधि-सम्मत कारवाई करने हेतु सभी अधीनस्थों को निर्देशित करने तथा कृत कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन कार्यालय के ई-मेल पर भेजने का निर्देश दिया गया है।पुलिस मुख्यालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के एक दिन पूर्व जारी इस पत्र को आम लोगों एवं सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना मिल रही है।वही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह एक प्रकार से महिलाओं को सम्मान दिया गया है।