Aurangabad :आहर में नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर डूबा, तलाश जारी; गांव में पसरा मातम

0
1001606915

रफीगंज से एस कुमार

Magadh Express: औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के चेव पंचायत अंतर्गत शेरपुर गांव में बुधवार शाम आहर में नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर सदहगार के डूबने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन देर तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, सदहगार शेरपुर गांव निवासी मिथलेश रविदास का 17 वर्षीय पुत्र है। ग्रामीण सुनील कुमार मेहता ने बताया कि इन दिनों गांव में धान की रोपनी का काम चल रहा है। सदहगार धान का बिचड़ा खेत में पहुंचाने के बाद स्नान करने के लिए आहर में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से किशोर की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी गई।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से किशोर की तलाश शुरू कराई गई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

वहीं अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही गोताखोरों को तलाश के लिए भेजा गया है। किशोर के बरामद होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद सदहगार के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशोर के आहर में डूबने की खबर से शेरपुर गांव में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण लगातार उसके सकुशल बरामद होने की उम्मीद लगाए हुए हैं और तलाश अभियान में सहयोग कर रहे हैं।


There is no ads to display, Please add some

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed