Aurangabad :नवीनगर से बाबा की नगरी देवघर के लिए रवाना हुआ कांवरियों का जत्था,बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नवीनगर
रिपोर्ट: संदीप कुमार
Magadh Express:श्रावण माह के पावन अवसर पर औरंगाबाद जिले के नवीनगर में शुक्रवार को पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए नगर पंचायत नवीनगर से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ। नगर पंचायत नवीनगर के अध्यक्ष प्रतिनिधि बिपिन सिंह के नेतृत्व में दर्जनों छोटी-बड़ी गाड़ियों से श्रद्धालुओं का जत्था बाबा की नगरी के लिए रवाना हुआ।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा श्रद्धालु शामिल रहे। कांवरियों के जत्थे को औरंगाबाद के एमएलसी दिलीप सिंह, नवीनगर विधायक चेतन आनंद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती, प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमकार वैभव सिंह, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय, दूधनाथ सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जयकारों से गूंज उठा नवीनगर
श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान नवीनगर का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। कांवरियों ने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष लगाए। भक्तिमय गीतों और भगवान शिव के जयकारों से पूरा बाजार गूंज उठा। यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने पंचदेव स्थल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और बाबा बैद्यनाथ की यात्रा की सफलता एवं सुखद दर्शन की कामना की। इसके बाद आकर्षक झांकी के साथ श्रद्धालुओं ने नवीनगर नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने ठाकुरबाड़ी पहुंचकर ठाकुर जी का आशीर्वाद भी लिया।
लगातार पांचवें वर्ष आयोजित हो रही यात्रा
इस अवसर पर नगर पंचायत नवीनगर के अध्यक्ष प्रतिनिधि बिपिन सिंह ने कहा कि यह लगातार पांचवां वर्ष है, जब क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर ले जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा और आशीर्वाद से यह धार्मिक यात्रा लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि जब तक बाबा की इच्छा और कृपा बनी रहेगी, तब तक प्रत्येक वर्ष क्षेत्र के लोगों को बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए यात्रा को सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने का पूरा प्रयास किया गया है।

देवघर दर्शन के बाद राजगीर भ्रमण का भी कार्यक्रम
बिपिन सिंह ने बताया कि देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद वापसी के दौरान श्रद्धालुओं के लिए राजगीर भ्रमण का भी कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान श्रद्धालु राजगीर के गर्म जलकुंड सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर भी मिलेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
यात्रा में शामिल कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आयोजकों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, नाश्ता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं के जत्थे के रवाना होने के दौरान नवीनगर के स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह रहा। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। भक्ति, आस्था और उमंग से भरे इस धार्मिक जत्थे के देवघर के लिए रवाना होने के साथ ही नवीनगर का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ से क्षेत्र, परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की और ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की।
There is no ads to display, Please add some