Aurangabad :सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गई जान
Magadh Express:रफीगंज-कासमा पथ पर पांडे कर्मा गांव के समीप बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में 34 वर्षीय युवक मोहम्मद मुर्तेजा हुसैन की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान भदुकिकला पंचायत के हुसैन कर्मा गांव निवासी मरहूम मोहम्मद इकबाल के 34 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मुर्तेजा हुसैन के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मुर्तेजा हुसैन कासमा की ओर से रफीगंज आ रहे थे। इसी दौरान पांडे कर्मा गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों के सहयोग से अस्पताल ले गए पुलिसकर्मी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई किशोरी शाह एवं एएसआई नवीन कुमार ने युवक को जीवित समझते हुए परिजनों की मदद से तत्काल रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. ए.के. केसरी ने जांच के बाद मुर्तेजा हुसैन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे मुर्तेजा
भदुकिकला पैक्स अध्यक्ष ओमप्रकाश भारती उर्फ गुड्डू यादव ने बताया कि मुर्तेजा हुसैन बेहद गरीब परिवार से थे। वह दो भाइयों में बड़े थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालते थे। उनके परिवार में चार बहनें भी हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।
उन्होंने सरकार से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा एवं नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
लोहरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि इमरान ताहिर एवं जन सुराज के वरिष्ठ नेता तज्जमुल खान ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some