Aurangabad :खड़वां मोड़ के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, एक घायल; गांव में पसरा मातम
रफीगंज से एस कुमार
Magadh Express: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के पिपरौरा पंचायत अंतर्गत परोरा गांव निवासी 30 वर्षीय राजु शर्मा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद धनंजय शर्मा घायल हो गए। हादसे के बाद मृतक के गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, राजु शर्मा और धनंजय शर्मा गुरुवार को निजी कार्य से रफीगंज बाजार गए थे। दोनों अपना काम पूरा करने के बाद वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खड़वां मोड़ के समीप सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में राजु शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धनंजय शर्मा घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों से मिले राजद नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद जिला महासचिव सर्वोत्तम कुमार उर्फ सोनू कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद दुखद समय है और इस कठिन परिस्थिति में वे हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ हैं।
आपदा प्रबंधन के तहत मिलेगा मुआवजा
ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार मृतक के परिजन को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
इधर, हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। जवान युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण घटना को लेकर गमगीन हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
There is no ads to display, Please add some