देवघर में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, 6 कांवरियों की मौत, कई घायल; सिलेंडर लदे ट्रक से हुई भिड़ंत!
Oplus_16908288
देवघर: देवघर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 कांवरियों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण टक्कर देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास नवापुरा गांव में हुई, जहां एक कांवरियों से भरी बस सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, लगभग 40 कांवरियों को लेकर देवघर से बासुकीनाथ जा रही बस सुबह 5 बजे सामने से आ रहे सिलेंडर से लदे ट्रक से भिड़ गई। बस में सवार मोतिहारी के सुरेंद्र यादव ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का ड्राइवर सीट समेत सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक चश्मदीद के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक करीब 100 मीटर तक बिना ड्राइवर के दौड़ा और फिर ईंट के ढेर से जा टकराया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। देवघर सदर अस्पताल से पांच एंबुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना की गईं, जिनमें से दो 108 एंबुलेंस और मोहनपुर CHC की एक एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे में सुरेंद्र यादव नाम का एक कांवरिया बच गया है, जिसे सुबह 7:15 बजे दूसरी यात्री बस से बासुकीनाथ भेज दिया गया है। मृतकों में सभी बिहार के मासूमगंज के बताए जा रहे हैं।