Aurangabad :क्षतिग्रस्त मेंह पुल से भारी वाहनों का परिचालन तत्काल प्रभाव से बंद, वैकल्पिक मार्ग लागू

0
news

Magadh Express:- औरंगाबाद जिले के बारूण-नवीनगर पथ के 11वें किलोमीटर पर ग्राम मेंह के समीप सोन उच्चस्तरीय नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त उच्चस्तरीय पुल से भारी वाहनों के परिचालन पर जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) के निर्देश पर यह निर्णय पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए लिया गया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम लोगों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल-01, औरंगाबाद द्वारा पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना दिए जाने के बाद जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही एनटीपीसी एवं बीआरबीसीएल, नवीनगर से निकलने वाले तथा जपला की ओर से आने वाले भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नवीनगर-अम्बा-चतरा होते हुए एनएच-2 से जाएंगे भारी वाहन

प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एनटीपीसी एवं बीआरबीसीएल, नवीनगर से निकलने वाले तथा जपला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवीनगर-अम्बा-चतरा होते हुए एनएच-2 का उपयोग करना होगा।भारी वाहनों का परिचालन मुख्य रूप से रात्रि 8 बजे से सुबह 7 बजे तक नियंत्रित रूप से कराया जाएगा। इसका उद्देश्य दिन के समय सामान्य यातायात पर कम से कम प्रभाव डालना और क्षतिग्रस्त मेंह पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोकना है।

वहीं रात्रि के समय नवीनगर से औरंगाबाद तथा औरंगाबाद से नवीनगर की ओर आने-जाने वाले हल्के एवं छोटे वाहनों के लिए चतरा मोड़-माली-जयहिंद-तेंदुआ होते हुए नवीनगर जाने वाले मार्ग का उपयोग कराया जाएगा।

बसन बिगहा मोड़ पर दंडाधिकारी रहेंगे तैनात

बसन बिगहा मोड़ पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक आवश्यकता के अनुसार हल्के एवं छोटे वाहनों को नवीनगर-माली-चतरा मोड़ मार्ग से नियंत्रित तरीके से परिचालित कराया जाए। यातायात के दबाव को देखते हुए मौके पर आवश्यक समन्वय भी किया जाएगा।

अम्बा चौक पर अतिक्रमण हटाने का निर्देश

अम्बा चौक के समीप सड़क संकरी होने के कारण संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी, कुटुंबा एवं थानाध्यक्ष, अम्बा थाना को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। साथ ही अवैध अथवा अनावश्यक अतिक्रमण को हटाकर यातायात के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने को कहा गया है।

17 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती

मेंह पुल से भारी वाहनों का परिचालन रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की है। बीआरबीसीएल परियोजना, नवीनगर के मुख्य द्वार, एनपीजीपीसीएल परियोजना, नवीनगर के मुख्य द्वार, मेंह पुल के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर, एनटीपीसी खैरा बाजार, सुरार पुल, रेलवे फाटक के प्रथम एवं द्वितीय छोर, तेतरिया मोड़, बसन बिगहा मोड़ सहित कुल 17 प्रमुख स्थलों पर तीनों पालियों में रोस्टर के अनुसार दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रतिनियुक्त अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करेंगे।

परियोजना के मुख्य द्वार पर भारी वाहनों की निगरानी

जिला पदाधिकारी ने एनटीपीसी एवं बीआरबीसीएल के मुख्य द्वार पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को विशेष निर्देश दिया है कि सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक परियोजना से निकलने वाला कोई भी भारी वाहन अम्बा मुख्य मार्ग में प्रवेश नहीं करे।इस अवधि में भारी वाहनों को परियोजना परिसर में नियंत्रित रखने अथवा निर्धारित वैकल्पिक मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार परिचालित करने के लिए परियोजना प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

रेलवे फाटक के समीप यातायात पर विशेष निगरानी

नवीनगर रेलवे फाटक के समीप निर्माणाधीन पुल के कारण एक ओर ही सर्विस पुल का निर्माण हुआ है। इस कारण एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों का परिचालन संभव है। इसे देखते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को दोनों दिशाओं के वाहनों को नियंत्रित एवं चरणबद्ध तरीके से चलाने का निर्देश दिया गया है।

एक समय में विपरीत दिशाओं से वाहनों के प्रवेश को रोका जाएगा, ताकि रेलवे फाटक के समीप अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

बतरे नदी के पास बनेगा अस्थायी चेकपोस्ट

जिला पदाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, औरंगाबाद को निर्देश दिया है कि रात में नवीनगर की ओर से आने वाले भारी वाहनों के नियंत्रित प्रवेश के लिए अम्बा चौक से नवीनगर जाने वाले मार्ग में बतरे नदी के पास अस्थायी चेकपोस्ट स्थापित किया जाए।

चेकपोस्ट पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल अम्बा चौक पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों के साथ समन्वय कर भारी वाहनों को चरणबद्ध और नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाएंगे। इसका उद्देश्य एक साथ बड़ी संख्या में भारी वाहनों के प्रवेश से उत्पन्न होने वाले जाम को रोकना है।

मेंह पुल के दोनों छोर पर भारी वाहनों की सख्त निगरानी

मेंह पुल के उत्तरी एवं दक्षिणी छोर पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि क्षतिग्रस्त पुल से भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहे। किसी भी स्थिति में भारी वाहनों को पुल पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

जिला प्रशासन ने आमजनों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि क्षतिग्रस्त मेंह पुल की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। प्रशासन द्वारा तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।

जिला प्रशासन का कहना है कि पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लागू की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


There is no ads to display, Please add some

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed