गया: मगध विश्वविद्यालय में छात्र जदयू का जोरदार प्रदर्शन, पीएटी (PAT) नामांकन की मांग को लेकर कुलपति का किया घेराव
धीरज गुप्ता, बोधगया
Magadh Express:मगध विश्वविद्यालय के प्रशासनिक परिसर में आज छात्र जदयू के कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। छात्र जदयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष यश वर्मा उर्फ उत्तम कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने विश्वविद्यालय के कुलपति का घेराव किया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
क्या है छात्रों की मुख्य मांग?
प्रदर्शन का मुख्य केंद्र सत्र 2022–23 के पीएचडी एडमिशन टेस्ट (PAT) के उत्तीर्ण विद्यार्थी थे। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की भेदभावपूर्ण नीति के कारण कुछ विशिष्ट विषयों में सफल अभ्यर्थियों का नामांकन अब तक नहीं लिया जा सका है, जबकि अन्य विषयों में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अध्यक्ष यश वर्मा उर्फ उत्तम कुशवाहा ने कहा कि, “विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण मेधावी छात्रों का भविष्य अंधकार में है। सत्र विलंब होने से छात्रों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। हमारी मांग है कि समान नियमों के तहत सभी विषयों के पीएटी उत्तीर्ण विद्यार्थियों का अविलंब नामांकन सुनिश्चित किया जाए।”

कुलपति के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
आंदोलन की तीव्रता को देखते हुए प्रभारी कुलपति डीके केसरी ने प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता की। उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज ठहराते हुए आश्वासन दिया कि:
- छात्रों की सभी मांगें संज्ञान में ले ली गई हैं।
- मामले को तत्काल कमेटी के समक्ष रखा जाएगा।
- आज से कल के भीतर इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कुलपति के ठोस आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना धरना और हंगामा समाप्त किया।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
छात्र जदयू के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने कल तक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं की, तो वे चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस विरोध प्रदर्शन में दीपक कुमार, सुधांशु राज, रितेश कुमार, प्रभात कुमार, आरव कुमार, सत्यम सिंह, चंद्रगुप्त, राहुल प्रजापति और सोनू कुमार सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र और छात्र जदयू के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
