Aurangabad:(रफीगंज) दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए आनन-फानन में जलाया शव

0
rafiganj thana

रफीगंज से एस कुमार

Magadh Express:औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के खिरहिरी गांव में एक शर्मनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दहेज के लोभी ससुराल वालों ने एक विवाहिता की कथित रूप से हत्या कर दी और साक्ष्य को मिटाने की नियत से पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसके शव को जला दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

​शादी के बाद से ही जारी था उत्पीड़न

​मृतका की पहचान खिरहिरी गांव निवासी मुन्ना राम की पत्नी 22 वर्षीय सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता, दाउदनगर थाना क्षेत्र के तरार गांव निवासी देव प्रसाद राम ने रफीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री सुनीता गया में रहकर पढ़ाई कर रही थी, वहीं उसकी मुलाकात मुन्ना कुमार से हुई। बाद में, सुनीता के गर्भवती होने पर मुन्ना ने उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया और शादी कर घर ले आया।

​पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले सुनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे लगातार सोने की चेन और 7 लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से टॉर्चर किया जाता था। इस मामले में पहले भी कई बार पंचायत स्तर पर समझौता कराने के प्रयास किए गए थे।

​फोन पर दी मौत की सूचना, फिर चुपके से जलाया शव

​10 जून को पति मुन्ना कुमार ने मृतका के पिता को फोन कर सूचना दी कि सुनीता की तबीयत खराब थी और उसकी मौत हो गई है। जब तक मायके वाले कुछ समझ पाते, ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर दी और शव को जला दिया। जब मृतका के परिजनों ने अपने स्तर से छानबीन की, तो उन्हें साजिश और हत्या का संदेह हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनीता की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए ही बिना किसी को बताए उसके शव को जला दिया गया।

​7 लोगों पर प्राथमिकी, पुलिस की दबिश जारी

​देव प्रसाद राम के बयान पर रफीगंज थाना में मृतका के पति मुन्ना राम, सास अनिता देवी और ससुर मिथिलेश दास सहित कुल 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए रफीगंज थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार और एसआई पप्पू कुमार ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

​यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग अपराधियों के प्रति कठोर सजा की मांग कर रहे हैं।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed