Aurangabad:(नवीनगर) जमीन और रास्ते के पुराने विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चलने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल

0
1001398881

Magadh Express:औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के बुढीबांध रामपुर गांव में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड जमकर चले, जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

​मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

​घायल रामप्रीत पासवान ने बताया कि गांव में जमीन और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गांव के ही राम नंदन पासवान और बीरबल पासवान पक्ष के साथ रास्ते के उपयोग को लेकर काफी समय से तनातनी बनी हुई थी। मामला इतना बढ़ गया कि बुधवार को दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और देखते ही देखते यह हिंसक झड़प में बदल गई। आक्रोशित लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

​घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर

​इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें रामप्रीत पासवान, प्रदीप पासवान, हर्ष पासवान, दिलीप पासवान, ममता देवी, क्रांति देवी और फुल केसरी देवी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और सभी घायलों को आनन-फानन में नवीनगर रेफरल अस्पताल पहुँचाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया।

​पुलिस जांच में जुटी, पहले से दर्ज है मामला

​घटना की सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस दल-बल के साथ बुढीबांध रामपुर गांव पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पक्ष के अनुसार, इस विवाद को लेकर पहले से ही नवीनगर थाना में आयोजित जनता दरबार में मामला दर्ज है, बावजूद इसके विवाद का समाधान नहीं हो सका।

​थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed