Aurangabad:(रफीगंज) विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने उत्तर कोयल नहर परियोजना का किया निरीक्षण, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया आश्वासन

0
IMG-20260612-WA0064

Magadh Express: उत्तर कोयल नहर परियोजना (बल्हाबार नहर) के कार्यान्वयन और किसानों की सिंचाई व भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से रफीगंज विधानसभा के विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ व्यापक स्थल भ्रमण किया। इस दौरान विधायक ने न केवल परियोजना की जमीनी हकीकत परखी, बल्कि लगभग 20 गांवों के किसानों के साथ बैठक कर उनकी पीड़ा सुनी और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

किसानों के साथ मिलकर किया स्थल भ्रमण

विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने सिंचाई विभाग के गया एवं औरंगाबाद के कार्यपालक अभियंताओं के साथ नीमा, आँजन, मानिका, उत्तरी उमगा, दक्षिणी उमगा, बेरी एवं मदनपुर पंचायत सहित लगभग 20 गांवों का दौरा किया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद विधायक ने पूरे भ्रमण के दौरान किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझा।

बंद पड़े पटवन नल होंगे बहाल, नया निर्माण शुरू

भ्रमण के दौरान किसानों ने वर्षों से बंद पड़े सिंचाई नालों (पटवन नल) की समस्या प्रमुखता से रखी। किसानों की मांग को संज्ञान में लेते हुए विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों के साथ वार्ता की। इसके तत्काल बाद, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 4 फीट के नए नल के निर्माण हेतु प्राक्कलन (Estimate) तैयार करने का आदेश दिया गया। यह निर्णय क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

भूमि अधिग्रहण और सिंचाई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा

बैठक के दौरान मानिका, जलवन और झिकटिया क्षेत्र के किसानों ने भूमि अधिग्रहण और सिंचाई परियोजना से संबंधित विभिन्न तकनीकी व व्यावहारिक कठिनाइयों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी इन मांगों को उच्च पदाधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा ताकि परियोजना का लाभ हर किसान तक पहुँच सके।

किसानों के प्रति समर्पित: विधायक

इस दौरान विधायक ने कहा, “किसानों की सिंचाई एवं भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं का निराकरण हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास के लिए सिंचाई परियोजना का सही ढंग से क्रियान्वयन अनिवार्य है। चिलचिलाती धूप में जिस तरह किसान भाई बड़ी संख्या में साथ रहे, वह हमारे संकल्प को और मजबूत करता है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए मेरा संघर्ष और प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”क्षेत्र के किसानों ने विधायक के इस जमीनी प्रयासों की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही इन समस्याओं के समाधान से कृषि कार्य आसान हो जाएगा।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed