Aurangabad:नवीनगर में उमड़ा राम भक्तों का जनसैलाब: जय श्री राम के उद्घोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
Magadh Express: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर नवीनगर शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। शनिवार को शहर में ऐतिहासिक, भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के साथ पूरा शहर “जय श्री राम” के नारों से गुंजायमान हो उठा।

महावीर मंदिर से हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा का आगाज शहर के मंगल बाजार स्थित श्रीमहावीर मंदिर से हुआ। इसका नेतृत्व श्री महावीर सेवा समिति, मातृभूमि नवनिर्माण युवा संघ और बजरंग दल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान सड़कों पर राम भक्तों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि मानों पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया हो।
आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां और कला कौशल
शोभायात्रा में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की जीवंत झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। युवाओं ने तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक हथियारों से अपने कला कौशल का प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह छतों से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। “रामजी की निकली सवारी” और “मेरे भारत का बच्चा-बच्चा जय जय श्री राम बोलेगा” जैसे भजनों पर भक्त झूमते नजर आए।

महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी
इस वर्ष की शोभायात्रा की खास बात महिलाओं की भारी भागीदारी रही। न केवल सड़कों पर, बल्कि छतों पर भी बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु प्रभु राम के दर्शन के लिए मौजूद रहीं। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
प्रशासनिक सतर्कता और सेवा कार्य
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह और सर्किल इंस्पेक्टर सूरज कुमार के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, मातृभूमि नवनिर्माण युवा संघ और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भक्तों के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाकर शरबत, नींबू पानी और मिठाई का वितरण किया गया।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विपिन कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार रजक, वार्ड पार्षद अजय प्रसाद, महावीर सेवा समिति के अध्यक्ष छेदीलाल कांस्यकार, सचिव सुरेश सोनी, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार उर्फ लाल बाबू, और मातृभूमि नवनिर्माण युवा संघ के पदाधिकारी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: संदीप कुमार, नवीनगर।

