Aurangabad:ऐतिहासिक सूर्य नगरी देव में चैत्र छठ महापर्व का भव्य शंखनाद: राजकीय मेला का हुआ विधिवत उद्घाटन,पढ़ें पूरी खबर
Magadh Express: आस्था, परंपरा और सूर्योपासना के महापर्व ‘छठ’ की गूंज अब विश्व प्रसिद्ध त्रेतायुगीन पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर की नगरी देव में सुनाई देने लगी है। चार दिवसीय चैत्र छठ महापर्व के प्रथम दिन ‘नहाय-खाय’ के साथ ही ‘राजकीय चैत्र छठ मेला 2026’ का भव्य शुभारंभ हो गया। जिले के आला अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का आगाज किया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति और सांस्कृतिक स्वागत
मेले के उद्घाटन सत्र में औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार कुशवाहा, सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, कुटुंबा विधायक ललन राम, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्रों द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गान से हुई। मंच का कुशल संचालन शिक्षक डॉ. हेरंब मिश्रा ने किया, जबकि जिला प्रशासन ने सभी आगत अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

विकास की उठी मांग: एक्सप्रेसवे कट और रेलवे विस्तार पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों और धार्मिक न्यास समिति ने देव के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। धार्मिक न्यास समिति के सचिव विश्वजीत राय और नगर अध्यक्ष पिंटू कुमार शाहील ने कोलकाता-वाराणसी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में देव के लिए एक विशेष ‘कट’ (निकास) की मांग की, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुविधा हो। इसके अलावा बिहटा-औरंगाबाद रेलवे लाइन को देव तक विस्तारित करने की मांग प्रमुखता से उठी। सूर्यकुंड तालाब में स्वच्छ जल के लिए बड़ी बोरिंग, श्रद्धालुओं के लिए नई धर्मशालाओं का निर्माण और देव से इमामगंज (बरहा छकरबंधा) तक की जर्जर सड़क के नवनिर्माण पर जोर दिया गय नगर अध्यक्ष ने जिले का नाम ‘देव’ करने की दिशा में भी पहल करने का सुझाव दिया।

सदर विधायक ने कहा , छठ पूजा में देव आते है लाखों लोग एनडीए की सरकार में हो रही विकास
मंच को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्री त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि देव में छठ महापर्व का बहुत ही महत्व है , छठ पूजा में लाखों की संख्या में यहां छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचते है ,ऐसे में देव के विकास के लिए सरकार द्वारा लगातार कदम उठाये जा रहे है जिसका परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा । विधायक ने छठ पूजा और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बात रखी ।

अनुशासन,संयम ,और प्रकृति पूजा से जुड़ा है छठव्रत – प्रमोद सिंह, विधायक रफीगंज
वहीं रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह ने देव सूर्य मंदिर की महिमा और छठ महापर्व से जुड़े धार्मिक बातों पर प्रकाश डाला ।विधायक ने कहा कि देव की भूमि यह सिर्फ शहर नहीं आस्था ,परंपरा और तपस्या का जीवित प्रमाण है ,यह सूर्य मंदिर देश का ऐसा सूर्य मंदिर है जहां अस्ताचलगामी और उद्याचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है ,पूरे विश्व में इकलौता ऐसा मंदिर है जो पश्चिमुखी है जो इसकी विशेष खासियत है ।पूरे विश्व को यह सीख मिलती है कि उगते हुए सूर्य को सभी लोग अर्घ्य देते है जबकि बिहारवासी अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य देते है ।यह पर्व हमे सिर्फ पूजा नहीं सिखाती बल्कि अनुशासन,संयम,साफ सफाई और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की सीख मिलती है ।जब से एनडीए की सरकार और विकास पुरुष नीतीश कुमार की सरकार बनी है ,तब से बिहार में तमाम छपी हुई हमारी इतिहास को जगाने का काम किया है ,हर क्षेत्र में विकास करने का काम किया है ।हमारी सरकार बिहार की आस्था ,संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध रही है ।पूरे बिहार में सबसे ज्यादा महोत्सव औरंगाबाद जिला में मनाया जाता है जो एनडीए की सरकार की देन है ।इस महापर्व में दस लाख श्रद्धालु आते है और किसी को परेशानी नहीं होती है जो यहां के लोगों की देन है ।श्री प्रमोद सिंह ने छठ पूजा और भगवान सूर्य की महिमा पर विशेष प्रकाश डाला।

मंच से कुटुंबा विधायक ललन राम ने रखी बात
औरंगाबाद के कुटुंबा विधायक ललन राम ने कहा कि एनडीए की सरकार में लगातार विकास हो रहा है जिसमें देव अछूता नहीं है , नीतीश कुमार जी ने देव के पातालगंगा में मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति दी है जिसको लेकर सभी विधायक ,सांसद,पूर्व सांसद ,पूर्व विधायक,जिलाधिकारी और यहां के सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं ,बुद्धिजीवियों ने अपने स्तर से सहयोग कर इस मेडिकल कॉलेज बनवाने में अहम भूमिका निभाई है , अगर इसका श्रेय कोई अकेले लेता है तो यह गलत है ।15 विधायक ने कहा कि वाराणसी कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस में देव के लिए भी एक कट दिया जाए जिसको लेकर हमलोग प्रयास करेंगे ।देव से कट मिलने के कारण देव क्षेत्र का विकास होगा और यहां पर्यटन की संभावनाएं है ।

जनप्रतिनिधियों का संकल्प: नितिन गडकरी और अश्विनी वैष्णव से होगी मुलाकात
सांसद अभय कुमार कुशवाहा ने मंच से इन मांगों को जायज ठहराते हुए बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा “सूर्य नगरी देव का विकास हमारी प्राथमिकता है। एक्सप्रेसवे में कट के लिए मैं स्वयं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलूँगा। वहीं, रेलवे विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी जिले के सभी विधायकों के साथ मुलाकात की जाएगी।”
सांसद ने कर्पूरी मंच के पुनः निर्माण के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की और एनएच (NH) पर देव मंदिर को इंगित करने वाला एक भव्य साइन बोर्ड या डिजाइन बनवाने का वादा किया।

देव की महिमा: ‘अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य देने वाली इकलौती भूमि‘
रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह ने देव सूर्य मंदिर की आध्यात्मिक विशिष्टता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दुनिया का इकलौता ऐसा मंदिर है जो पश्चिमाभिमुख (पश्चिम की ओर मुख वाला) है। उन्होंने गर्व से कहा कि जहाँ पूरी दुनिया उगते सूरज को सलाम करती है, वहीं बिहार की यह संस्कृति डूबते हुए सूर्य (अस्ताचलगामी) को भी अर्घ्य देकर कृतज्ञता प्रकट करना सिखाती है। उन्होंने इसे अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति प्रेम का प्रतीक बताया।कुटुंबा विधायक ललन राम ने पातालगंगा में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति को एक बड़ी उपलब्धि बताया और इसका श्रेय साझा प्रयासों को दिया।

प्रशासनिक सतर्कता: 10 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं (पेयजल, रोशनी, आवासन) की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का भरोसा दिलाया। अनुमान है कि इस महापर्व के दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालु देव पहुँचेंगे, जिनके लिए भारी संख्या में पुलिस बल और वालंटियर्स तैनात किए गए हैं।
चैत्र छठ का यह मेला न केवल भक्ति का केंद्र है, बल्कि यह औरंगाबाद के पर्यटन मानचित्र पर देव को एक नई पहचान दिलाने का माध्यम भी बन रहा है। प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के बीच का यह तालमेल आने वाले समय में देव की तस्वीर बदलने वाला साबित हो सकता है।

o
