Aurangabad : ‘साइबर मंगलवार’ पर नुक्कड़ नाटक की धूम,OTP, PIN और संदिग्ध लिंक शेयर न करने की अपील; साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने का दिया संदेश

0
IMG-20260811-WA0024

Magadh Express:जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को संचालित किए जा रहे ‘साइबर मंगलवार’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आज औरंगाबाद शहर के रमेश चौक एवं रामाबांध बस पड़ाव पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों द्वारा साइबर ठगी, फर्जी कॉल एवं संदेश, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी तथा व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं मनोरंजक तरीके से आमजन तक पहुंचाई गईं।
कलाकारों ने नाटक के माध्यम से साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों को प्रदर्शित करते हुए लोगों को सतर्क एवं सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान आमजनों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा अज्ञात व्यक्तियों के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाता, ATM/डेबिट कार्ड, UPI अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लेन-देन से पूर्व संबंधित व्यक्ति, संस्था अथवा वेबसाइट की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।

साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय गोपनीयता एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने, अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट अथवा संदेश स्वीकार करने में सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना संबंधित प्राधिकरण को देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा संबंधित थाना अथवा साइबर थाना को इसकी सूचना देने के लिए आमजनों को प्रेरित किया गया। समय पर शिकायत दर्ज कराने से साइबर अपराध में हुई वित्तीय क्षति को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजनों में साइबर अपराधों के प्रति सजगता एवं डिजिटल सुरक्षा की समझ विकसित करना तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना है।

जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। सतर्कता एवं जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

जिले में प्रत्येक मंगलवार को ‘साइबर मंगलवार’ के रूप में विभिन्न माध्यमों से साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed