औरंगाबाद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की धूम,12 अगस्त को सभी प्रखंडों में तो 14 अगस्त को जिला मुख्यालय में अनुग्रह स्कूल से नगर भवन तक आयोजित होगी तिरंगा यात्रा
Magadh Express:औरंगाबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजनों, विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इसी क्रम में 13वीं बिहार बटालियन (NCC) द्वारा भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जवानों द्वारा तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए आमजनों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बच्चों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व के संबंध में जानकारी दी जा रही है। विद्यालयों में तिरंगा आधारित गतिविधियां, रंगोली, देशभक्ति गीत एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा इस राष्ट्रीय अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करें। अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें एवं सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

इसी क्रम में जिला मुख्यालय में 14 अगस्त 2026 को अनुग्रह इंटर विद्यालय(गेट स्कूल) से अनुग्रह नारायण सिंह नगर भवन
तक तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। साथ ही सभी प्रखंडों में 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने हेतु सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

