पुलिस–पब्लिक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन, खेल भावना का दिखा शानदार नजारा
संदीप कुमार
औरंगाबाद: नवीनगर प्रखंड के नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र में पुलिस–पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से एक भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल के माध्यम से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बारुण बनाम जमहोर टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में बारुण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमहोर की टीम को 73 रन से पराजित कर जीत दर्ज की।

बारुण टीम के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन खेल दिखाया। वहीं दूसरा मुकाबला नरारी कला खुर्द बनाम बडेम टीम के बीच खेला गया। इस मैच में नरारी कला खुर्द की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बडेम की टीम को 41 रन से हराया और मुकाबले में जीत हासिल की।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नरारी कला खुर्द टीम के सुधीर कुमार तथा बारुण टीम के विकास कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दोनों खिलाड़ियों के शानदार खेल की दर्शकों और आयोजकों द्वारा खूब सराहना की गई। इस अवसर पर नरारी कला खुर्द थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास बढ़ता है।
खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है और समाज में शांति, अनुशासन व सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन कराए जाएंगे ताकि क्षेत्र में सामाजिक समरसता बनी रहे। मैच के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।
