हर घर एक नौकरी देंगे, 20 साल बनाम 20 माह — तेजस्वी यादव का वादासभा में उमड़ी भीड़, बैरिकेटिंग टूटी, बीपीआरओ घायल
Oplus_16908288
रफीगंज, एस.के. मिश्र।
रविवार को रफीगंज के आर.बी.आर. उच्च विद्यालय के खेल मैदान में महागठबंधन की चुनावी सभा में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। सभा को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “नीतीश कुमार ने 20 साल में जो नहीं किया, हम 20 माह में कर दिखाएंगे। हर घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे। किसानों को बिजली बिल से मुक्ति मिलेगी।”
सभा के दौरान भीड़ इतनी अधिक थी कि बैरिकेटिंग टूटने से बीपीआरओ घायल हो गए। कार्यक्रम का संचालन और अध्यक्षता बौर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह सीपीआई नेता रामस्वरूप यादव ने की।
तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में अब “परिवर्तन की लहर चल चुकी है।” उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, जीविका दीदियों को सरकारी दर्जा और 30 हजार रुपये मानदेय, तथा हर महिला को सालाना 30 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
महागठबंधन के राजद प्रत्याशी डॉ. गुलाम शाहिद ने तेजस्वी यादव का स्वागत माला और अंगवस्त्र से किया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में जिस तरह विकास कार्य किए गए हैं, अब वही विकास पूरे विधानसभा क्षेत्र में फैलाया जाएगा। शाहिद ने कहा कि उन्हें सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है और रफीगंज में महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव कौलेश्वर यादव, कांग्रेस नेता माधवी सिंह, जिला पार्षद शंकर यादवेन्दू, राजद प्रखंड अध्यक्ष विकी सिंह यादव, युवा राजद के प्रधान महासचिव तारिक इमाम, वीआईपी नेता मदन साहनी, पैक्स अध्यक्ष अरविंद यादव, कम्युनिस्ट नेता रामचंद्र यादव सहित महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सभा स्थल पर लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। भीड़ में शामिल युवाओं ने “तेजस्वी है जरूरी” और “बदलाव का वक्त आ गया है” जैसे नारों से पूरा मैदान गूंजा दिया।