रोहतास में खूनी खेल: 24 घंटे में एक ही थाना क्षेत्र में दो हत्याएं, व्यवसाय को लाठी-डंडों से पीटकर मारा
डेहरी/रोहतास, 18 जुलाई 2025: रोहतास जिले में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमझोर में एक किसान की हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि 24 घंटे के भीतर थाना क्षेत्र के ही रामडिहरा स्टेशन के निकट एक व्यवसायी की लाठी-डंडों से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क उठा है।
मृतक की पहचान जागोडीह निवासी पच्चू सिंह के पुत्र वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के गोतिया आरोपित अर्जुन महतो और आलोक मेहता को गिरफ्तार कर लिया है।
मौके पर मौजूद सर्किल इंस्पेक्टर सोहेल अहमद ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद मुख्य रूप से कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों परिवारों में तनाव की स्थिति को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि यह घटना आपसी विवाद से जुड़ी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, 24 घंटे के भीतर दो हत्याओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।