औरंगाबाद पुलिस ने मुहर्रम पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ की सख्त कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
औरंगाबाद, 05 जुलाई 2025: मुहर्रम पर्व से ठीक पहले औरंगाबाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम मुरौलीखुर्द में कुछ व्यक्तियों द्वारा मुहर्रम पर्व के अवसर पर लोगों के बीच भय और माहौल खराब करने की साजिश को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है। इन व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ सामग्री फैलाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर औरंगाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरौलीखुर्द गांव पहुंचकर आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद तीन संदिग्धों की पहचान मोहम्मद वसीम अकरम पुत्र मोहम्मद मुमताज अहमद (निवासी कुटुम्बा जिला औरंगाबाद), इमरान फैजी पुत्र इस्लाम अंसारी (निवासी कुटुम्बा जिला औरंगाबाद) और मुमताज अली पुत्र रमजान अली (निवासी ग्राम-मुरौलीखुर्द, थाना-कुटुम्बा, जिला-औरंगाबाद) के रूप में की गई।
गिरफ्तारी के बाद तीनों व्यक्तियों के निवास स्थानों की तलाशी ली गई, जिसमें हथियार जैसी दिखने वाली पांच वस्तुएं बरामद की गईं। जांच में यह पुष्टि हुई कि ये वस्तुएं वही हैं जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘हथियार’ के रूप में दिखाकर मुहर्रम जुलूस के दौरान लोगों के बीच भय और माहौल खराब करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
औरंगाबाद पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक षड़यंत्र और शांति भंग करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120बी और 126 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।