औरंगाबाद: सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर परिजनों को सौंपा मुआवजा
Magadh Express:औरंगाबाद जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई है। सोमवार को एनएच-139 पर हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजनों को कुछ ही घंटों के भीतर अनुग्रह अनुदान की राशि प्रदान कर दी गई।
भीषण सड़क हादसे में बुझ गए घर के चिराग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (11 मई 2026) की सुबह दाउदनगर प्रखंड के अकबरपुर, शमशेरनगर निवासी साहिल कुमार (20 वर्ष), पिता- श्री उदय राम और सोनू कुमार (20 वर्ष), पिता- श्री रणविजय यादव की एनएच-139 पर एक सामूहिक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रशासन की त्वरित पहल
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने मामले को संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारियों को अविलंब सहायता प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। डीएम के आदेश के बाद अंचलाधिकारी (CO) दाउदनगर ने त्वरित कार्रवाई की और मृतकों के आश्रितों को चेक के माध्यम से अनुग्रह अनुदान की राशि तत्काल उपलब्ध करा दी।

जिलाधिकारी ने जताया शोक
इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा, “प्रशासन इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। हमारी प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुँचाने की रही है।”
यातायात नियमों के पालन की अपील
जिला प्रशासन औरंगाबाद ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।