Aurangabad :(देव)केसौर में तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

0
1001614356

Magadh Express: औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के केसौर गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक सुनील कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। मृतक केसौर गांव निवासी अशोक मिस्त्री का पुत्र बताया जाता है। हादसे की सूचना मिलते ही देव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब से युवक के शव को बाहर निकलवाया।


जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार किसी काम से तालाब के समीप गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूब गया। काफी समय बाद ग्रामीणों की नजर तालाब में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलने पर देव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शव की पहचान केसौर निवासी सुनील कुमार के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।


इस संबंध में देव थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से सुनील कुमार की मौत होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद ग्रामीणों ने तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


There is no ads to display, Please add some

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed