Aurangabad:महिला एवं बाल अधिकारों को लेकर बीएड कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

0
IMG-20260811-WA0099

Magadh Express:औरंगाबाद जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देश के आलोक में दशरथ प्रसाद रामानंद पांडेय बी.एड. कॉलेज, औरंगाबाद में महिला एवं बाल अधिकारों, लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी देकर सुरक्षित, समानतापूर्ण और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।


कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यौन उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत एवं निवारण की निर्धारित प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।


बाल विवाह के दुष्परिणामों पर किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है। इसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास पर पड़ता है। बाल विवाह के उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी अथवा सक्षम प्राधिकार को इसकी सूचना देने के लिए भी छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया गया।


इसके अलावा महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, शिक्षा, वित्तीय साक्षरता तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने तथा महिलाओं को वित्तीय रूप से साक्षर एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगदान देने के लिए जागरूक किया गया।


विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान
कार्यक्रम में DPM, WCDC, DMC, DHEW, जेंडर स्पेशलिस्ट चंदन कुमार, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट कंचन कुमारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर अजय कुमार एवं पारा लीगल स्टाफ ज्योति कुमारी सहित अन्य संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही।


इस दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, बाल विवाह, लैंगिक समानता, कानूनी अधिकारों तथा महिला एवं बाल विकास निगम की योजनाओं से संबंधित कई प्रश्न पूछे। उपस्थित विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर देते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।


कार्यक्रम के अंत में युवाओं से महिला एवं बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपने आसपास होने वाली सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की गई। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकार एवं सशक्तिकरण तथा बाल विवाह समेत अन्य सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed