Aurangabad :उत्तर कोयल नहर में पैर फिसलने से 20 वर्षीय युवक डूबा, एसडीआरएफ का तलाशी अभियान जारी
Magadh Express:औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के सिंदूरिया गांव के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। उत्तर कोयल नहर के पास गए 20 वर्षीय युवक रत्नाकर तिवारी का अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर नहर के गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है।
रिश्तेदार के घर आया था युवक
डूबने वाले युवक की पहचान कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत हथियाबांध गांव निवासी रत्नाकर तिवारी के रूप में हुई है। वह सिंदूरिया गांव स्थित अपने फूफा सुदर्शन तिवारी के घर आया हुआ था।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रत्नाकर नहर के समीप गया हुआ था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। पानी का बहाव तेज़ और गहराई अधिक होने के कारण वह संभल नहीं सका और देखते ही देखते पानी में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, SDRF तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही टंडवा थानाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ और अंचलाधिकारी परीक्षित चौबे घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को राहत व बचाव कार्य में लगा दिया है।
- तलाशी अभियान: एसडीआरएफ की टीम पुलिस की देखरेख में नहर के संभावित और गहरे स्थानों पर बोट व गोताखोरों के जरिए गहन खोजबीन कर रही है।
- परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: घटना की सूचना युवक के गांव हथियाबांध में उसके परिजनों को दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
नहर के किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और लोग युवक के सकुशल बाहर निकलने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट :- संदीप कुमार ,नवीनगर
