औरंगाबाद: (देव)उत्तर कोयल नहर में डूबने से मासूम की मौत, शव बरामद , परिजनों में मचा कोहराम

0
1001551622

​Magadh Express: औरंगाबाद जिला के ढिबरा थाना क्षेत्र स्थित बेढ़ना गांव में उत्तर कोयल नहर में डूबने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चे की पहचान बेढ़ना गांव निवासी जितेंद्र भुईया के पुत्र ऋतिक कुमार के रूप में की गई है।

​खेलते-खेलते नहर में गिरा मासूम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासूम ऋतिक उत्तर कोयल नहर के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर के तेज बहाव में जा गिरा। बच्चे को डूबता देख वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

​घटना की भनक लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय गोताखोरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नहर की तेज धारा में उतरकर बच्चे को ढूंढने की काफी कोशिश की, लेकिन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी ऋतिक का कुछ पता नहीं चल सका।

​SDRF की टीम को मिली सफलता

​घटना की सूचना के बाद बुलाई गई एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अहले सुबह टीम को सफलता मिली और बच्चे का शव नहर से बरामद कर लिया गया।

​पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

​शव मिलने की सूचना मिलते ही ढिबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मुआवजे की मांग

​मासूम का शव मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया और परिवार के सदस्य फूट-फूटकर रो पड़े। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव मर्माहत है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed