Aurangabad:(माली)बलेनो कार से शराब की बड़ी खेप बरामद, झारखंड के दो तस्कर गिरफ्तार
Magadh Express:औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैरिया बाजार के समीप एक बलेनो कार की तलाशी लेकर भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने झारखंड के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार में छिपाकर ले जा रहे थे 210 लीटर शराब
माली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप सीमावर्ती क्षेत्र से नवीनगर की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दिपक कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैरिया बाजार के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही एक बलेनो कार को रुकवाकर जब पुलिस ने तलाशी ली, तो होश उड़ गए। कार के अंदर विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए 28 कार्टूनों से कुल 210 लीटर ‘टनाका’ देशी शराब बरामद की गई।

झारखंड के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर
पुलिस ने मौके पर ही कार सवार दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कयरा गांव निवासी रंजीत कुमार सिंह और जपला निवासी अक्षय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही बलेनो कार को भी जब्त कर लिया है।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
थानाध्यक्ष दिपक कुमार राय ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्यपान निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड से सटे इलाकों के माध्यम से शराब की तस्करी करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। श्री राय ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
