Aurangabad:: अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार, बडेम और एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र से तीन गिरफ्तार
संदीप कुमार
Magadh Express: अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए औरंगाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवीनगर प्रखंड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बडेम और एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग छापेमारी कर तीन शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
बडेम पुलिस की कार्रवाई: 5 लीटर देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार
बडेम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कंकेर गांव में अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान महेशवरी राजवंशी नामक व्यक्ति को पांच लीटर देशी महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्यपान निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एनटीपीसी खैरा पुलिस ने सुहाई गांव में की छापेमारी
उधर, एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस ने भी क्षेत्र में अवैध धंधेबाजों के खिलाफ शिकंजा कसा है। थाना क्षेत्र के सुहाई गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर दो लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुहाई गांव निवासी विशुनदेव राम और कृष्णा शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 300-300 एमएल की दो बोतल देशी शराब बरामद की है।

पुलिस का सख्त संदेश: अभियान जारी रहेगा
दोनों थाना प्रभारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि क्षेत्र में शराब के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
