औरंगाबाद: मदनपुर-देव पथ पर ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, शादी समारोह में जा रहे 14 वर्षीय किशोर की मौत, एक घायल
मदनपुर से संजीव कुमार
Magadh Express:-औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देव-मदनपुर पथ पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ चेड़ीस्थान के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
उमंगा मंदिर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था किशोर
मृतक किशोर की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के आजाद बिगहा गांव निवासी देवमुना भुइयां के 14 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायल युवक की पहचान उसी गांव के चनारिक भुइयां के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से प्रसिद्ध उमंगा मंदिर जा रहा था। इसी दौरान देव-मदनपुर मुख्य पथ पर चेड़ीस्थान के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना तत्काल मदनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मदनपुर लेकर आई।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के दौरान नब्ज टटोलते ही 14 वर्षीय ओमप्रकाश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रवि कुमार का इलाज डॉक्टरों की देखरेख में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
ट्रैक्टर जब्त, कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष का बयान:
मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।