Aurangabad: रामाबांध बस स्टैंड का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, अवैध पार्किंग करने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
Magadh Express:-औरंगाबाद शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से रामाबांध बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बस स्टैंड की सफाई से लेकर सड़कों पर लगने वाले अवैध जाम तक के मुद्दों पर कड़े निर्देश जारी किए।

बस स्टैंड का होगा कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएँ
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बस स्टैंड परिसर की जर्जर स्थिति और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बस स्टैंड परिसर की नियमित साफ-सफाई, रंग-रोगन और उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि स्टैंड को व्यवस्थित कर यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

NH-139 पर अवैध पार्किंग करने वालों की अब खैर नहीं
शहर में जाम का एक बड़ा कारण राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-139) के किनारे खड़े होने वाले भारी वाहन हैं। इसे देखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को सख्त निर्देश दिए गए हैं किसड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर भारी जुर्माना वसूला जाए।पुराने और अनुपयोगी वाहनों के निबंधन (Registration) निरस्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

सड़क पर बस खड़ी करने पर पूर्ण प्रतिबंध
अक्सर देखा जाता है कि बस चालक स्टैंड के भीतर जाने के बजाय सड़क पर ही बस खड़ी कर यात्रियों को बैठाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। डीएम और एसपी ने संयुक्त निर्देश जारी किया है कि सभी बसों का परिचालन अनिवार्य रूप से बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही होगा। सड़क पर बस रोककर सवारी बैठाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर को जाममुक्त करने की कार्ययोजना तैयार
प्रशासन औरंगाबाद शहर को जाममुक्त करने के लिए एक समग्र कार्ययोजना (Action Plan) तैयार कर रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा ताकि लोगों को सुगम और सुरक्षित सफर का अनुभव हो सके।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) श्री संतन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), जिला परिवहन पदाधिकारी सुश्री सुनंदा कुमारी, ट्रैफिक डीएसपी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।