बेटी की डोली उठने से पहले उठी पिता की अर्थी; स्कूल से लौट रहे शिक्षक को हाइवा ने रौंदा
फरवरी में बजनी थी शहनाई, अब पसरा मातम | NH-139 पर रामाबांध के पास हुआ दर्दनाक हादसा
नवीनगर/औरंगाबाद (संदीप कुमार) | नियति का क्रूर खेल देखिए, जिस आंगन में अगले महीने शहनाई बजनी थी, वहां आज चीख-पुकार मची है। एक भीषण सड़क हादसे ने बेटी की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। नवीनगर प्रखंड के अन्कोरहा विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक जितेन्द्र कुमार (45 वर्ष) की शनिवार को हाइवा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र के रामाबांध के समीप NH-139 पर हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
मिन्नी बिगहा निवासी रामकेवल राम के इकलौते पुत्र जितेन्द्र कुमार रोज की तरह अपने विद्यालय अन्कोरहा से ड्यूटी पूरी कर पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रामाबांध के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हाइवा छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सड़क पर हंगामा, 4 घंटे बाद हटा जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-139 को जाम कर दिया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत और मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक जितेन्द्र की बेटी की शादी फरवरी माह में तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन पिता की अर्थी उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जितेन्द्र अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
जितेन्द्र कुमार एक मिलनसार और कर्मठ शिक्षक थे। उनकी असामयिक मृत्यु से अन्कोरहा विद्यालय परिवार और स्थानीय शिक्षकों में गहरा शोक है। सहकर्मियों ने इसे शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।