रफीगंज में खूनी शनिवार : दो बाइकों की भीषण टक्कर में युवक की मौत, 4 घायल; दुर्घटनाग्रस्त बुलेट से शराब बरामद

0
IMG-20260111-WA0007

रफीगंज (औरंगाबाद) | रफीगंज-गोह पथ पर भाम मोड़ के समीप शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। यहाँ दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक 18 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक दुधमुंहे बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

​घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 4 घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम रखा। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बुलेट बाइक से देसी शराब की बोतल मिलने से मामला और गर्मा गया है।

​बहन को ससुराल छोड़ने जा रहा था भाई

​मृतक की पहचान गोह थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी नागेंद्र बिंद के 18 वर्षीय पुत्र रवि रंजन कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि अपनी बहन सोनम कुमारी और उनकी चार माह की पुत्री को बाइक (ग्लैमर) से उनके ससुराल इस्माइलपुर (छतिहार गांव) छोड़ने जा रहा था। तभी भाम मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ़्तार बुलेट ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

​बुलेट सवारों के पास मिली शराब, दोनों घायल

​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि रंजन की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उनकी बहन और चार माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। दूसरी ओर, बुलेट सवार फिरोज शेख और अमलेश कुमार (निवासी थानापुर) भी घायल हैं, जिनका इलाज रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक पर देसी शराब की बोतल टंगी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसा नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण हुआ।

​4 घंटे तक थमा रहा पहिया, मुआवजे का आश्वासन

​घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शंभू कुमार और अंचलाधिकारी (CO) भारतेंदु सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

​अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेजा गया। अंचलाधिकारी भारतेंदु सिंह ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिवहन विभाग के नियमानुसार मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।”

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed