औरंगाबाद: बाल-बाल बचे एडीएम (आपदा), NH-139 पर काल बनकर आया हाईवा; चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
औरंगाबाद: जिले के औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ (NH-139) पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरथौली गांव के समीप एक तेज रफ़्तार और अनियंत्रित हाईवा ने औरंगाबाद के अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित की सरकारी गाड़ी (स्कॉर्पियो) में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि स्कोर्पियो चालक ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, जिससे गाड़ी में सवार एडीएम समेत सभी लोगों की जान बच गई।
दाउदनगर से निरिक्षण कर लौट रहे थे एडीएम
जानकारी के अनुसार, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित दाउदनगर क्षेत्र में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी शिविरों का निरीक्षण कर वापस जिला मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान भरथौली शरीफ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक बेकाबू हाईवा ने उनकी गाड़ी में सीधी टक्कर मारने की कोशिश की।
चालक बना ‘संकटमोचक’, ऐसे बचाई जान
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, स्कोर्पियो के चालक मो. खलील अंसारी ने खतरे को भांपते हुए पलक झपकते ही गाड़ी को सड़क से नीचे उतार दिया। चालक की इस तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। यदि समय रहते संतुलन नहीं साधा गया होता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
गार्ड और चालक घायल, एडीएम सुरक्षित
इस हादसे में एडीएम उपेंद्र पंडित पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उनके सुरक्षा गार्ड प्रियम कुमार और चालक मो. खलील अंसारी को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गाड़ी छोड़कर भागा हाईवा चालक
घटना को अंजाम देने के बाद हाईवा चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। टक्कर के बाद NH-139 पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मुफस्सिल और जमहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त सरकारी गाड़ी और हाईवा को सड़क से हटवाकर करीब 15 मिनट के भीतर यातायात को सामान्य कराया।
क्या कहा अधिकारी ने?
घटना के बाद अपर समाहर्ता उपेंद्र पंडित ने बताया कि ईश्वर की कृपा और ड्राइवर की सूझबूझ से सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।