नवीनगर: 15 और 16 जनवरी को सजेगी सुरों की महफिल, सोन नद और सूर्य राघव महोत्सव की तैयारियां तेज; ये दिग्गज कलाकार बिखेरेंगे जलवा
बडेम के प्राचीन सूर्य राघव मंदिर में अधिकारियों ने की बैठक, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर हुआ मंथन
नवीनगर (औरंगाबाद): नवीनगर प्रखंड के बडेम स्थित ऐतिहासिक प्राचीन सूर्य राघव मंदिर के प्रांगण में आगामी सोन नद महोत्सव और सूर्य राघव महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बाबत मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता औरंगाबाद के अपर समाहर्ता ने की और संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अरुण सिंह ने किया। बैठक में महोत्सव की रूपरेखा, कलाकारों के चयन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
15 जनवरी को सोन नद महोत्सव: करीना और आर्यन बाबू जमाएंगे रंग
बैठक को संबोधित करते हुए BDO अरुण सिंह ने जानकारी दी कि 15 जनवरी 2026 को ‘सोन नद महोत्सव’ का शानदार आगाज होगा। इस दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। दर्शकों के मनोरंजन के लिए मुख्य कलाकार के रूप में करीना पाण्डेय, सविता पाण्डेय और आर्यन बाबू अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
16 जनवरी को सूर्य राघव महोत्सव: अंतरा सिंह और तान्या मौवार की प्रस्तुति
न्यास समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को बडेम में ‘सूर्य राघव महोत्सव’ मनाया जाएगा। यह शाम भोजपुरी और लोक संस्कृति के नाम रहेगी। इस दिन मंच पर स्टार कलाकारों का जमावड़ा होगा। मुख्य आकर्षण के रूप में तान्या मौवार, अंतरा सिंह, सृष्टि लक्ष्मी, राघवेंद्र कुमार सिंह और सनोज सागर जैसे नामचीन कलाकार अपने सुरों से समां बांधेंगे।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में महोत्सव के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, साफ-सफाई, मंच संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष मंथन किया गया। सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हैं, बल्कि क्षेत्र को राज्य स्तर पर एक नई पहचान भी दिलाते हैं।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर बडेम थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजनारायण राय, शिक्षक राजेश कुमार, मनीष कुमार, अशोक मेहता, संतोष कुमार, सुमेर कुमार, आमोद कुमार मिश्र, धनंजय कुमार सिंह, राज कुमार, कुंदन कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित थे।