औरंगाबाद: NH-139 पर ‘काल’ बनकर दौड़ी ईको गाड़ी, घर लौट रहे बुजुर्ग मजदूर को रौंदा; मौके पर ही मौत
औरंगाबाद: जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सदुपुर डिहरी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। दाउदनगर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित ईको गाड़ी ने पैदल अपने घर लौट रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मजदूरी कर लौट रहे थे घर:
मृतक की पहचान डिहरी गांव निवासी स्वर्गीय रामलखन राम के 60 वर्षीय पुत्र राजेशवर राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेशवर राम प्रतिदिन की तरह मेहनत-मजदूरी कर पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लापरवाही से चलाए जा रहे ईको वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ईको गाड़ी भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है।
सड़क पर उतरा आक्रोश:
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रोते-बिलखते परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर NH-139 को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही ठप हो गई। ग्रामीणों का कहना था कि गरीब मजदूर की मौत से परिवार के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए ओबरा थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार और पुलिस अधिकारी अंकित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।
फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले वाहनों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
