औरंगाबाद में रफ्तार का कहर: मदनपुर में ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर, 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत; परिजनों में मचा कोहराम

0
Screenshot_2025-11-30-07-36-33-21_5600c4be318a3a39d7eb640dd568d217

औरंगाबाद (बिहार): जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। घटना देव-मदनपुर मुख्य सड़क पर स्थित झिकटिया मोड़ के समीप हुई, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

बाजार से घर लौट रहा था युवक

मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के निमा आंजन पंचायत के चांद विगहा निवासी विगन भुईयां के 20 वर्षीय पुत्र प्रमोद रिकियासन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रमोद किसी काम से मदनपुर बाजार गया था। वहां से सामान लेकर जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी झिकटिया मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाने के एसआई सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को पुलिस वाहन से तुरंत अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस की छापेमारी जारी

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

झिकटिया मोड़ बना ‘एक्सीडेंट जोन’

स्थानीय लोगों का कहना है कि झिकटिया मोड़ पर पिछले कई महीनों से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में रोष है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed