नवीनगर से बड़ी खबर — रंगदारी मांगने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
संदीप कुमार
नवीनगर थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में हाल ही में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई, जिसमें आरोपियों पर सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करने और रंगदारी की मांग करने का आरोप लगाया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के लभरी काड़ी गांव के निवासी विष्णु राज, पिता – उमेश सिंह नीतीश कुमार, पिता – अशोक सिंह प्रिंस कुमार, पिता – गोपाल सिंह के रूप में की गई है।
मामले में नवीनगर थानाध्यक्ष मृतंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना कांड संख्या 337/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये तीनों युवक उतर कोयल नहर मे कार्य कर रही कम्पनी से न केवल रंगदारी की मांग कर रहे थे बल्कि सरकारी कार्य में भी बाधा डाल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।