Aurangabad:देव छठ से लौटते समय अनियंत्रित होने से गिरी बाइक, महिला की मौत
रफीगंज। एस के मिश्र
Magadh Express :- औरंगाबाद जिले के रफीगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला रीता देवी की मौत हो गई। यह घटना देव से छठ पूजा कर लौटते समय कियाखाप गांव के पास हुई, जब उनकी बाइक सड़क पर लगे ठोकर से अनियंत्रित होकर गिर गई।
उपहारा थाना क्षेत्र के डढ़वा गांव निवासी देवविलाश यादव की पत्नी रीता देवी अपनी गोतनी के भाई रणविजय कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थीं। रफीगंज के कियाखाप गांव के पास सड़क पर बने ठोकर पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। ठोकर के कारण रीता देवी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तुरंत रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। केंद्र में डॉक्टर अरविंद केसरी ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान ही रीता देवी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि वह देव में छठ पूजा करने गई थीं और वहीं से लौट रही थीं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मृतका की तबीयत पहले से खराब थी और ठोकर पर बाइक अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
अंचलधिकारी भारतेंदु सिंह ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी जाएगी।