छठ महापर्व के दौरान हादसा — स्नान के क्रम में डूबने से एक युवक की मौत

0
1002850682

संदीप कुमार

नवीनगर (औरंगाबाद)। छठ महापर्व के पवित्र अवसर पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नवीनगर प्रखंड के एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अन्कोरहा गांव में स्नान के दौरान एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अन्कोरहा गांव निवासी मुन्ना साव (उम्र 30 वर्ष), पिता गुतेश्वर साव के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह छठ व्रत के लिए अर्घ्य देने की तैयारी के क्रम में ग्रामीण तालाब पर स्नान कर रहे थे।

इसी दौरान मुन्ना साव भी तालाब में नहाने के लिए उतरे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले गए। लोगों ने जब तक उन्हें बचाने का प्रयास किया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना खैरा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। मुन्ना साव की असमय मृत्यु से पूरे गांव में मातम छा गया है।

परिवार के सदस्य रो-रो कर बेहाल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता तैयारी की जानी चाहिए थी ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले मे एनटीपीसी खैरा थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि नहाने के क्रम में तालाब मे डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया गया है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed