औरंगाबाद में बिजली करंट से 29 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मातम
औरंगाबाद, बिहार। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना घटी, जिसमें बिजली करंट की चपेट में आने से एक 29 साल की महिला की मौत हो गई। मृत महिला की पहचान गांव निवासी विनय सिंह की पत्नी प्रतिमा देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि प्रतिमा देवी के एक बेटा और एक मासूम बेटी है, जबकि उनके पति दूसरे प्रदेश में निजी कंपनी में कार्यरत हैं।परिजनों के अनुसार घटना उस वक्त हुई जब प्रतिमा देवी अपने घर में पंखा चालू करने के लिए प्लग बोर्ड में लगा रही थीं। इसी दौरान बोर्ड में पहले से ही बिजली करंट दौड़ रहा था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। जैसे ही प्रतिमा देवी ने प्लग को बोर्ड में लगाया, तभी वे करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं। करंट के झटके से उनकी चीख सुनकर घरवाले पहुंचे और किसी तरह उन्हें बिजली के तार से अलग किया।
प्राथमिक प्रयासों के बाद उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि अभी करंट से महिला की मौत की सत्यता की जानकारी नहीं है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया। गांव और परिवार में इस घटना से गहरा शोक है।इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में बिजली सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।