गया में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज! DM ने किया सस्पेंड, फोन-पे से ली थी 15 हजार की रिश्वत
गया, बिहार – जिले के फतेहपुर अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। राजस्व कर्मचारी रवि कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में डीएम शशांक शुभंकर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला उस वक्त उजागर हुआ जब डीएम के व्हाट्सएप पर एक ऑडियो क्लिप भेजी गई, जिसमें कर्मचारी द्वारा 15 हजार रुपए की मांग की बात सामने आई थी।
फोन-पे से ली गई थी रिश्वत
जांच में यह खुलासा हुआ कि रवि कुमार ने दलाल अजय कुमार के जरिए आवेदक पिंटू यादव से फोन-पे के माध्यम से 15 हजार रुपए की रिश्वत वसूली थी। डीएम ने जब ऑडियो सुना तो मामला प्रथम दृष्ट्या सही पाया गया, जिसके बाद तुरंत सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया।
निलंबन के साथ जांच के आदेश
डीएम ने रवि कुमार को टिकारी मुख्यालय अंचल में निलंबन अवधि के दौरान भेज दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद गया के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
डीएम का सख्त संदेश
डीएम शशांक शुभंकर ने साफ कहा —
“जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। किसी भी कर्मचारी द्वारा जनता को ह्रास पहुंचाने की शिकायत मिली, तो जांच कर कठोर कार्रवाई निश्चित होगी।”
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
यह कोई पहला मामला नहीं है। 30 सितंबर को भी डोभी अंचल के राजस्व कर्मचारी सन्नी कुमार पर रिश्वतखोरी के आरोप में डीएम ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की थी।
गया प्रशासन का यह एक और एक्शन यह संदेश दे रहा है कि “भ्रष्टाचार करने वालों की अब खैर नहीं!”