चिराग की सीट मांग पर गहन मंथन: धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े और मंगल पांडे के साथ दिल्ली में बड़ी बैठक, NDA में सीट बंटवारे को लेकर सियासी सरगर्मी तेज़

0
IMG-20251007-WA0113

Magadh Express:-बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग की चर्चा अब निर्णायक दौर में पहुँचती दिख रही है। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस अहम बैठक में भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और राज्य मंत्री मंगल पांडे भी मौजूद रहे। बैठक करीब पचास मिनट तक चली, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे पर विस्तृत चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार, चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के लिए “सम्मानजनक हिस्सेदारी” की मांग दोहराई है। लोजपा (राम विलास) वर्तमान में बिहार विधानसभा में शून्य प्रतिनिधित्व रखती है, लेकिन चिराग अपने जनाधार और एनडीए में भूमिका के आधार पर कुछ प्रभावशाली सीटों की दावेदारी पेश कर रहे हैं।

धर्मेंद्र प्रधान हाल ही में (4 और 5 अक्टूबर) पटना दौरे पर थे, जहां उन्होंने भाजपा की चुनाव तैयारी की समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान पार्टी की चुनाव समिति की 18 सदस्यीय बैठक में करीब 60 “सिटिंग सीटों” पर समीक्षा हुई। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि—

“आज हमने सिटिंग सीटों पर चर्चा की। लगभग 60 सीटों की समीक्षा की गई। बाकी बची सीटों पर अगली बैठक में विचार किया जाएगा। इस बार महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।”

बिहार में एनडीए गठबंधन भाजपा, जदयू, हम, रालोसपा और लोजपा (राम विलास) मिलकर चुनावी मैदान में उतर रहा है। वहीं, दूसरी ओर तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन (राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, भाकपा, माकपा और मुकेश सहनी की वीआईपी) मुकाबले में है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा—“एनडीए बिहार चुनाव एकजुटता के साथ लड़ेगा। यह चुनाव बिहार के अगले 25 वर्षों के भविष्य को तय करने वाला है।”

इधर, प्रशांत किशोर की नई राजनीतिक पार्टी जन सुराज भी इस बार मैदान में उतरने जा रही है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प बन गया है।

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है राज्य की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान 6 और 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed