औरंगाबाद: एनपीजीसीएल प्लांट में कोयला लदी मालगाड़ी से मिला लातेहार युवक का शव, मचा हड़कंप
संदीप कुमार
औरंगाबाद:नवीनगर। एनटीपीसी के नवीनगर प्रखंड स्थित एनपीजीसीएल विद्युत केंद्र में शुक्रवार देर शाम अचानक सनसनी फैल गई, जब कोयला खाली करने के दौरान मालगाड़ी की बोगी से एक शव बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारी दहशत में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, कोयला उतारने के दौरान मशीन में कोई चीज फंसी, तो कर्मियों ने रुककर जांच की। जैसे ही करीब से देखा तो वहां एक युवक का शव मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्लांट प्रबंधन ने थाना पुलिस को सूचना दी। नरारी कला खुर्द थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान लातेहार जिले के निवासी कमलेश कुमार सिंह, पिता बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मृत्यु खदान से कोयला लोडिंग के दौरान दब जाने से हुई हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले को यूडी केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्लांट परिसर में मिली इस लाश से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।