Aurangabad,बिजली गिरने से नवविवाहित युवक की मौत, दोस्त की हालत गंभीर—परिवार में कोहराम

0
IMG-20250904-WA0031

संजीव कुमार

औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम आसमान से गिरी मौत ने एक नवविवाहित परिवार की खुशियाँ मातम में बदल दीं। ठनका गिरने से 22 वर्षीय युवक सनोज कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की शादी मात्र दो महीने पहले ही हुई थी।

जानकारी के अनुसार चिरैयाटांड़ निवासी किशोरी यादव का पुत्र सनोज कुमार अपने तीन दोस्तों संग दो बाइक पर कहीं जा रहा था। रास्ते में अचानक बारिश और तेज गर्जना होने लगी। बारिश से बचने के लिए सभी चौखड़ा गांव के पास एक पीपल के पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान जोरदार गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आकर सनोज और पंकज बुरी तरह झुलस गए।

मृतक की फाइल फोटो

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सीएचसी मदनपुर पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं पंकज की गंभीर हालत देखते हुए उसे सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर किया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मौत की खबर घर पहुँचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता किशोरी यादव, माँ नेत्री देवी और पत्नी प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, तीन भाइयों में सबसे छोटे सनोज की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंचे। सूचना पर मदनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुँची और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की माँग की है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed