Aurangabad: जिला पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से पकड़ा गया नक्सली उमेश यादव, बड़ी घटना को अंजाम देने की बना रहा था योजना
Magadh Express :औरंगाबाद पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक संयुक्त अभियान में कुख्यात नक्सली उमेश यादव को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। उमेश यादव, जो कि मोहम्मदपुर, अरवल का रहने वाला है, को उसके पैतृक गांव, मोहम्मदपुर (जिला अरवल), से पकड़ा गया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उमेश यादव किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।

इस सूचना के आधार पर, औरंगाबाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने उमेश यादव के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान, एक व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पूछताछ और पहचान के बाद पुष्टि हुई कि वह कुख्यात नक्सली उमेश यादव है।
उमेश यादव पर 16 जून, 2017 को दर्ज कांड संख्या 12/17 के तहत कई गंभीर धाराओं – 341, 323, 353, 385, 427, 435, 504, 506, और 34 भादवि – और 17 सीएलए एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में, उमेश यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नक्सलियों का मनोबल काफी गिरा है और नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी जारी रहेगी।