गया में शराब माफियाओं का दुस्साहस! पुलिस टीम पर हमला, SI के सिर में लगे 12 टांके, 4 महिला तस्कर अरेस्ट
गया: शराबबंदी को सफल बनाने के लिए बिहार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शराब माफियाओं ने एक बार फिर पुलिस का सामना करने का दुस्साहस दिखाया है। शराब की छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर (SI) मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में 12 टांके आए हैं और उन्हें गया रेफर किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह चौंकाने वाली घटना सोमवार रात की है। दरअसल, रविवार को फतेहपुर के कुहेरी गांव में एक ऑटो से 450 लीटर महुआ शराब बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने शराब बनाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए सोमवार रात को छापेमारी करने का फैसला किया। जैसे ही पुलिस की टीम गांव में पहुंची, शराब तस्करों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया।
पुलिस टीम पर हमला, महिला तस्करों ने की पत्थरबाजी:
गयाजी में बदमाशों ने पुलिस की टीम को घेर लिया और 4 महिला तस्करों ने उन पर जमकर पत्थरबाजी की। इस हमले में SI मनोज कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि 4 अन्य पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं। पुलिस पर अचानक हुए इस हमले से एक बारगी अफरातफरी मच गई।
घायल SI ने बताया कि “शराब के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीम गई थी, तभी उन पर अचानक हमला कर दिया गया।”
हमलावरों पर सख्त कार्रवाई:
पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और जवाबी कार्रवाई करते हुए हमले के आरोप में चार महिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं में सावित्री देवी, विभा कुमारी, संगीता देवी और ललिता देवी शामिल हैं। फतेहपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना यह साफ करती है कि बिहार में शराब माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि वे पुलिस पर भी हमला करने से नहीं हिचक रहे।