​एक ही पल में उजड़े दो घर: केशहर कैनाल में डूबीं मासूम चचेरी बहनें, पूरे गाँव में मातम

0
IMG-20250726-WA0011

औरंगाबाद, बिहार: मदनपुर थाना क्षेत्र के वार पंचायत के सलेमपुर मिशिर खाप गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए. केशहर कैनाल में डूबने से दो चचेरी बहनों, 11 वर्षीय आरती कुमारी और 14 वर्षीय गुड़िया कुमारी की मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

​बताया जाता है कि सुनील यादव की बेटी आरती और कमलेश यादव की बेटी गुड़िया अपनी मांओं के साथ खेत में धान रोपने गई थीं. खेत के पास ही स्थित केशहर कैनाल में दोनों बहनें नहाने उतरीं और गहरे पानी में समा गईं. जब काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटीं, तो उनकी मांओं, मंजू देवी और पुष्पा देवी ने कैनाल में जाकर देखा. अपनी बेटियों को पानी में डूबा देख वे जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगीं. उनकी आवाज सुनकर गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों के शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

​घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य शंकर यादवेन्दु मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी. सूचना मिलते ही सीओ मो. अकबर हुसैन और थानाध्यक्ष राजेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया.

​इस त्रासदी से पूरा गांव सदमे में है. ज़िला परिषद सदस्य शंकर यादवेन्दु ने सरकार से मांग की है कि आपदा प्रबंधन कोष से पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए. इस दुखद घटना ने सलेमपुर मिशिर खाप गांव में एक ऐसा घाव दिया है, जो शायद ही कभी भर पाएगा.

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed