औरंगाबाद में दर्दनाक हादसा: ट्रेन से कटकर 17 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों में कोहराम
Oplus_16908288
औरंगाबाद: जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान रिसियप थाना क्षेत्र के खेतपुरा निवासी किशोर पासवान के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। वह इंटर का छात्र था।
मिली जानकारी के अनुसार, गोलू अपने परिवार के सदस्यों को छोड़ने के लिए अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन आया था। दिल्ली जाने वाली ट्रेन में उन्हें बैठाने के बाद वह घर लौट रहा था, तभी वह दुर्भाग्यवश ट्रेन की चपेट में आ गया। रेलवे ट्रैक के पास उसका शव बरामद किया गया।
इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पुटू यादव ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना उनके एक रिश्तेदार से मिली। उन्होंने बताया कि गोलू परिवार के सदस्यों को ट्रेन पकड़वाने के लिए स्टेशन आया था, लेकिन उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
परिजनों ने गोलू की मौत पर संदेह जताया है और स्टेशन प्रबंधक से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी मांग की है कि घटना की गहन जांच की जाए। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।