Aurangabad :जिला स्तरीय क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता-2026: DM अभिलाषा शर्मा ने विजेताओं को किया पुरस्कृत, इशांत राज बने जिला टॉपर
Magadh Express:जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता-2026 में औरंगाबाद जिले के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

गौरतलब है कि बिहार राज्य के सभी सरकारी एवं संबद्धता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 09 से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच एवं भाषायी ज्ञान को विकसित करने के उद्देश्य से क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया था। जिला स्तरीय ऑनलाइन क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप नगद राशि, मेडल, बैकपैक बैग एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाना है।

औरंगाबाद जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय, जम्होर के कक्षा 11वीं के छात्र इशांत राज को ₹8,000 की नगद पुरस्कार राशि, मेडल, बैकपैक बैग एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसी क्रम में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय, ओबरा के कक्षा 11वीं के छात्र अंशु कुमार को ₹6,000 की नगद पुरस्कार राशि, मेडल, बैकपैक बैग एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उच्च माध्यमिक विद्यालय, जम्होर के छात्र गणेश कुमार को ₹4,000 की नगद पुरस्कार राशि, मेडल, बैकपैक बैग एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच, भाषायी दक्षता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
